रायपुर/कोरबा (INA): करतला विकासखंड के अंतर्गत ग्राम गिधौरी में सरपंच एवं पीडीएस संचालक द्वारा ग्रामीणों से अवैध वसूली करने की प्राप्त शिकायत पर कलेक्टर संजीव झा ने संज्ञान लिया और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।जांच में राशनकार्ड धारियों से सौ रूपए एवं एक किलो चांवल की अवैध वसूली सही पाया। जांच के बाद एसडीएम ने गिधौरी की सरपंच श्रीमती विज्ञानी कंवर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने 20 मार्च को अनुविभागीय (राजस्व) न्यायालय में उपस्थित होने कहा हैं। उल्लेखनीय है कि विकासखण्ड करतला के ग्राम गिधौरी में शासकीय राशन दुकान में राशनकार्ड धारियों से धार्मिक आयोजन के लिए सौ-सौ रूपए वसूलने की शिकायत हुआ था।जांच दल में डिप्टी कलेक्टर सुश्री रूचि शार्दुल, तहसीलदार श्रीमती आराधना प्रधान, खाद्य निरीक्षक उर्मिला गुप्ता एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में पूरे प्रकरण की जांच की गई। जांच के दौरान राशन कार्डधारी बसंती बाई बिंझवार, सहेली बाई मंझवार, तुलसी बाई, पार्वती वैष्णव, अमृत बाई महंत, सुशीला देवी गभेल, संतोष बाई महंत, दिलीप कुमार मानिकपुरी एवं उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि राशनकार्ड धारियों से 100 रूपए की वसूली करने के लिए ग्राम पंचायत में मुनादी कराई गई थी।13 मार्च को शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेता अब्दुल खालिद के द्वारा मार्च माह का राशन वितरण किया जा रहा था। वितरण प्रारंभ होने के साथ ही सरपंच श्रीमती विज्ञानी कंवर, उपसरपंच परबतिया बाई कंवर, पंच अनुसुईया साहू एवं शांता बाई द्वारा हर राशनकार्ड धारी से सौ-सौ रूपए की राशि एवं एक-एक किलो चांवल वसूली करने लगी।
खाद्य निरीक्षक करतला द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में 13 मार्च को लगभग 250 राशन कार्ड धारियों को उक्त शासकीय राशन दुकान से राशन प्रदाय किया गया। उपरोक्त सभी राशनकार्ड धारियों से 100 रूपए एवं एक किलो चांवल वसूला गया। वसूली के लिए लिए सरपंच ने बाकायदा एक रजिस्टर भी बनाया गया था। जिसमें राशि देने वाले और राशि नहीं देने वाले का नाम पृथक-पृथक लिखा गया। राशनकार्ड धारी अपने साथ 100 रूपए नहीं लाए उन्हें बाद में राशन लेना बोला गया। सरपंच ने अवैध वसूली से इकट्ठे किए गए लगभग ढाई क्विंटल चांवल बोरियों में भरकर पीडीएस भवन परिसर में रखा गया था। जांच के दौरान उपरोक्त चांवल पीडीएस भवन परिसर में रखा हुआ पाया गया। इस प्रकार ग्रामीणों से अवैध वसूली की शिकायत को सही पाये जाने पर एसडीएम कोरबा ने सरपंच को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

